रिपोर्ट-मुस्तकीम मंसूरी
पश्चिम से लेकर पूर्वांचल तक जातीय संतुलन साधने की तैयारी, 5–7 नए मंत्रियों की एंट्री संभव; कुछ मंत्रियों की भूमिका संगठन में भी तय हो सकती है
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज़ हो गई है। सूत्रों के मुताबिक प्रदेश में जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल हो सकता है। यह बदलाव बंगाल सरकार के शपथ ग्रहण के बाद अगले दिन यानी सोमवार या मंगलवार को किए जाने की संभावना जताई जा रही है। इस संभावित फेरबदल को लेकर सत्ता के गलियारों में चर्चाएं तेज हैं और कई बड़े नेताओं के विभागों में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।
सूत्रों का दावा है कि इस बार का मंत्रिमंडल विस्तार केवल औपचारिक नहीं होगा, बल्कि इसमें राजनीतिक और सामाजिक समीकरणों को साधने की बड़ी रणनीति नज़र आएगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जाट और गुर्जर बिरादरी को साधने के लिए बड़े प्रतिनिधित्व की तैयारी की जा रही है, जबकि पूर्वांचल में दो ओबीसी चेहरों को सशक्त भूमिका देकर संतुलन बनाने की कोशिश होगी।
बताया जा रहा है कि दो मौजूदा मंत्रियों को संगठन में जिम्मेदारी दी जा सकती है, जिससे सरकार और संगठन के बीच तालमेल मजबूत किया जा सके। वहीं, दिल्ली के करीबी माने जाने वाले एक मंत्री के विभाग में कटौती के संकेत भी मिल रहे हैं, जो इस फेरबदल को और दिलचस्प बना रहा है।
मंत्रिमंडल विस्तार में ब्राह्मण और दलित वर्ग को भी ख़ास तवज्जो मिलने की संभावना है। एक नए ब्राह्मण चेहरे को शामिल करने के साथ ही एक पुराने ब्राह्मण नेता की वापसी भी हो सकती है। इसके अलावा दलित बिरादरी से दो नए चेहरों को मंत्रिमंडल में जगह मिलने के आसार हैं।
सूत्रों के अनुसार, इस फेरबदल में कई प्रभावशाली मंत्रियों के विभाग बदले जा सकते हैं, जिससे उनके राजनीतिक कद और जिम्मेदारियों में भी बदलाव आएगा। कुछ नेताओं को प्रमोशन मिल सकता है, जबकि कुछ के अधिकार सीमित किए जा सकते हैं।
इस बीच, सपा के बागी विधायकों की किस्मत भी चमक सकती है और उन्हें सरकार में जगह देने पर विचार किया जा रहा है। संभावित नए चेहरों में भूपेंद्र चौधरी, मनोज पांडे, अशोक कटारिया, पूजा पाल, श्रीकांत शर्मा, राजीव तरारा, कृष्णा पासवान और राजेश्वर सिंह जैसे नाम चर्चा में हैं।
कुल मिलाकर, 5 से 7 नए मंत्रियों को शामिल करने की संभावना है, जिससे योगी सरकार अपने अगले राजनीतिक चरण के लिए खुद को और मजबूत करने की तैयारी में है। हालांकि, अभी तक इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और सभी दावे सूत्रों के हवाले से ही सामने आ रहे हैं।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें